धनबाद: धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ में मंगलवार रात दो ट्रकों की ओवरटेकिंग के दौरान एक साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान दुहाटांड़ निवासी पान विक्रेता सुरेश चौरसिया के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सुरेश रात में साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एफसीआई गोदाम की ओर से जोड़ाफाटक रोड की तरफ जा रहे दो ट्रकों के बीच ओवरटेकिंग शुरू हो गई। इसी दौरान सुरेश एक ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और सड़क जाम कर विरोध जताया। कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की गई। इससे सड़क पर यातायात बाधित हो गया।
सूचना मिलने पर धनसार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। पुलिस लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने की कोशिश कर रही है।
स्थानीय लोगों ने मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये मुआवजा, एक आश्रित को नौकरी देने और एफसीआई गोदाम की ओर से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है। सामाजिक कार्यकर्ता भृगुनाथ भगत ने कहा कि मनईटांड़ सड़क पर ट्रक चालकों की लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं।




