Dumka News: सावन की अंतिम सोमवारी पर दुमका के प्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही स्थानीय लोगों के साथ झारखंड और आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में शिवभक्त मंदिर पहुंच रहे हैं। पूरा मेला क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंज रहा है।
मंदिर के कपाट तड़के 3 बजे खोल दिए गए थे। इसके बाद श्रद्धालुओं को कतार में मंदिर में प्रवेश कराया गया। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित जलाभिषेक के लिए अरघा के जरिए पूजा कराई जा रही है।
भागलपुर से गंगाजल लेकर पहुंचे डाकबम
अंतिम सोमवारी पर भागलपुर के बरारी घाट से गंगाजल लेकर बड़ी संख्या में डाकबम श्रद्धालु बासुकीनाथ धाम पहुंचे। हंसडीहा मार्ग से आने वाले डाकबम श्रद्धालुओं को टोकन देकर पेड़ा गली द्वार से मंदिर में प्रवेश कराया जा रहा है।
ड्रोन और CCTV से निगरानी
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश और निकास द्वारों पर पुलिस बल तैनात है। पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों और CCTV से की जा रही है।
बिहार, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु बाबा बासुकीनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं और मंदिर की व्यवस्था से संतुष्ट नजर आ रहे हैं।




