रांची: रांची विश्वविद्यालय का 39वां दीक्षांत समारोह 9 सितंबर को आयोजित होगा। समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय ने अंगवस्त्र, गेट पास, ड्रेस कोड और समय को लेकर जरूरी सूचना जारी की है।
5 से 7 सितंबर तक ले सकते हैं अंगवस्त्र
विद्यार्थियों को 5, 6 और 7 सितंबर को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक अंगवस्त्र और गेट पास दिया जाएगा। इसके लिए कॉमर्स विभाग और केंद्रीय पुस्तकालय में कुल 10 काउंटर बनाए गए हैं।
अंगवस्त्र और पास लेने के लिए विद्यार्थियों को आवेदन पत्र और प्रवेश पत्र साथ लाना होगा। D.Sc., D.Litt. और Ph.D. के विद्यार्थियों को अपनी कॉपी भी दिखानी होगी।
अलग-अलग विषयों के लिए अलग काउंटर
गोल्ड मेडल पाने वाले विद्यार्थियों के लिए काउंटर 1 रखा गया है। D.Sc., D.Litt. और Ph.D. के विद्यार्थियों को काउंटर 2 से पास मिलेगा। मेडिकल, M.Phil. और BDS के विद्यार्थियों के लिए काउंटर 3 निर्धारित है।
M.Sc., Biotechnology, MCA और Nursing के विद्यार्थी काउंटर 4 से, जबकि M.Com. और MBA के विद्यार्थी काउंटर 5 से अंगवस्त्र और पास ले सकेंगे।
M.A. के अलग-अलग विषयों के विद्यार्थियों के लिए काउंटर 6 से 10 तक व्यवस्था की गई है।
समारोह में यह होगा ड्रेस कोड
दीक्षांत समारोह के दिन छात्रों को सफेद कुर्ता-पायजामा या सफेद धोती पहननी होगी। छात्राएं सफेद सलवार-सूट के साथ लाल दुपट्टा पहन सकती हैं। सफेद साड़ी के साथ लाल ब्लाउज पहनने का विकल्प भी दिया गया है।
8:30 बजे तक सीट पर पहुंचना जरूरी
विश्वविद्यालय ने सभी विद्यार्थियों को समारोह के दिन सुबह 8:30 बजे तक अपनी निर्धारित सीट पर पहुंचकर उपस्थिति दर्ज कराने का निर्देश दिया है। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से समय पर गेट पास और अंगवस्त्र लेने की अपील की है, ताकि समारोह के दिन किसी तरह की परेशानी न हो।




