फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

सुंदरनगर में नहर निर्माण पर विवाद, विधायक के खिलाफ अभियंताओं का विरोध

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका विधानसभा क्षेत्र के सुंदरनगर स्थित पुड़ीहासा सैनिक कॉलोनी में खरकई दायीं मुख्य नहर की यूजीपीएल योजना के तहत बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर विधायक संजीव सरदार और जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के बीच विवाद गहरा गया है। सुवर्णरेखा परियोजना

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका विधानसभा क्षेत्र के सुंदरनगर स्थित पुड़ीहासा सैनिक कॉलोनी में खरकई दायीं मुख्य नहर की यूजीपीएल योजना के तहत बाउंड्रीवाल निर्माण को लेकर विधायक संजीव सरदार और जल संसाधन विभाग के अभियंताओं के बीच विवाद गहरा गया है। सुवर्णरेखा परियोजना के कार्यपालक अभियंता शिवराम गागराई और सहायक अभियंता विजय तिर्की ने विधायक पर मारपीट का आरोप लगाया है। वहीं, विधायक ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए केवल डांट-फटकार लगाने की बात कही है।

ग्रामीणों ने विधायक से शिकायत की थी कि बाउंड्रीवाल निर्माण से वर्षों से इस्तेमाल हो रहा आवागमन का रास्ता प्रभावित हो रहा है। उनका आरोप था कि कुछ प्रभावशाली लोगों के सामने रास्ता छोड़ा जा रहा है, जबकि अन्य परिवारों के लिए रास्ता बंद किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कथित रूप से पैसे लेकर रास्ता छोड़ने का आरोप भी लगाया था।

शिकायत के बाद विधायक ने विभागीय अभियंताओं और ग्रामीणों के साथ बैठक कर मामले पर जवाब मांगा। उन्होंने पूछा कि पांचवीं अनुसूची क्षेत्र में निर्माण से पहले ग्रामसभा आयोजित कर ग्रामीणों की सहमति ली गई थी या नहीं। विधायक के अनुसार, अभियंताओं ने इस सवाल का नकारात्मक जवाब दिया। उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों के लिए समान व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा एंबुलेंस, दमकल और बच्चों के आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

वहीं, अभियंताओं का आरोप है कि योजना के शिलान्यास को लेकर हुई बातचीत के दौरान विधायक नाराज हो गए और विजय तिर्की तथा शिवराम गागराई के साथ मारपीट की। अभियंताओं ने बताया कि योजना का शिलान्यास वर्ष 2021 में हो चुका है। हालांकि, संजीव सरदार ने मारपीट से इनकार करते हुए इसे खुद को और मुख्यमंत्री को बदनाम करने की साजिश बताया। ग्रामीणों ने भी विधायक का समर्थन करते हुए मारपीट की घटना से इनकार किया।

घटना के विरोध में मंगलवार शाम निर्मल भवन में जल संसाधन विभाग और डिप्लोमा अभियंता संघ की बैठक हुई। इसमें विधायक के कथित आचरण की निंदा करते हुए अभियंताओं ने एक सप्ताह तक काला बिल्ला लगाकर विरोध करने का निर्णय लिया। संघ ने विधायक से माफी की मांग की है। विधायक ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जरूरत पड़ने पर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से शिकायत करने की बात कही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram