रांची: पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर गुरुवार को धुर्वा स्थित राजीव गांधी वरिष्ठ नागरिक उद्यान में कांग्रेस की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर उन्हें याद किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया। उन्होंने युवाओं, शिक्षा, रोजगार, तकनीक और ग्रामीण विकास को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने राजीव गांधी को 21वीं सदी के भारत का सपना देखने वाला नेता बताया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में सूचना तकनीक को बढ़ावा मिला और युवाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।
विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि राजीव गांधी भविष्य की जरूरतों को समझने वाले नेता थे। उन्होंने कंप्यूटर और सूचना तकनीक को देश के विकास से जोड़ने का प्रयास किया। साथ ही पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत कर गांवों के लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।
डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं को आधुनिक भारत बनाने का सपना दिखाया। उन्होंने तकनीक के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और विकास पर भी ध्यान दिया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सूचना क्रांति, दूरसंचार, शिक्षा और पंचायती राज के क्षेत्र में राजीव गांधी के फैसलों का असर आज भी दिखाई देता है। उनके विचारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में डॉ. राजेश गुप्ता, लाल किशोर नाथ शाहदेव, आलोक कुमार दूबे, फिरोज रिजवी मुन्ना, मेंहुल दूबे, कुमुद रंजन, संजीत यादव, अभिषेक साहू और संजय कुमार समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




