रांची : राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और शाम के समय ठंड महसूस होने लगी है। वहीं, कई इलाकों में सुबह हल्की धुंध और कोहरा भी छा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में ठंड का असर बढ़ सकता है। हालांकि, अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
रांची में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। तापमान में गिरावट से सुबह और रात के समय लोगों को अधिक ठंड महसूस हो सकती है।
22 और 23 अक्टूबर को 15 डिग्री रहेगा न्यूनतम तापमान
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, 22 और 23 अक्टूबर को रांची का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे सुबह और शाम के समय कनकनी बढ़ सकती है।
वहीं, 24 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और 25 अक्टूबर को 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है। दिन के समय धूप निकलने से मौसम सामान्य बना रह सकता है।
सुबह छाएगी धुंध, दिन में साफ रहेगा आसमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय हल्की धुंध और कुहासा देखने को मिल सकता है। इसके बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है।
मौसम में हो रहे बदलाव के कारण अब सुबह और शाम के समय हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हो सकती है। फिलहाल राज्य में बारिश को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है।




