फॉण्ट कनवर्टर NEW

झारखंड में ठंड ने बढ़ाई सिहरन, पछुआ हवाओं से 4 डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान

Ranchi : झारखंड में शीतलहर जैसी स्थिति बनती जा रही है। उत्तर और उत्तर–पश्चिम दिशा से बह रही पछुआ हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में सर्द हवाओं की वजह से न्यूनतम तापमान में अचानक गिरावट

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi : झारखंड में शीतलहर जैसी स्थिति बनती जा रही है। उत्तर और उत्तर–पश्चिम दिशा से बह रही पछुआ हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में सर्द हवाओं की वजह से न्यूनतम तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में तापमान में लगभग चार डिग्री की गिरावट देखी गई है, जिससे कनकनी और ठंड का प्रभाव बढ़ गया है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को जानकारी दी कि राज्य के अधिकांश इलाकों में आसमान साफ रहा और पछुआ हवाएं मध्यम गति से चलीं। इन्हीं हवाओं के कारण रात और सुबह में ठिठुरन बढ़ गई है। तापमान में तेज गिरावट के चलते लोग सुबह और रात में अलाव का सहारा ले रहे हैं, जबकि स्कूल–कॉलेज जाने वाले बच्चों को सर्दी से बचने के लिए अतिरिक्त गर्म कपड़ों की आवश्यकता पड़ रही है।

जिलों का तापमान धीरे-धीरे लुढ़क रहा

मौसम विभाग के अनुसार रांची में सोमवार को न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री तक नीचे आ गया, जो मंगलवार को 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। चाईबासा में न्यूनतम तापमान मंगलवार को 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सोमवार को 10.1 डिग्री था। इसी प्रकार डालटेनगंज में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सोमवार को यह 10.2 डिग्री था। जमशेदपुर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री रहा, जबकि एक दिन पहले यह 13.5 डिग्री था। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान गोड्डा में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक था, जबकि सबसे कम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड किया गया—जो इस सीजन की सबसे सर्द रात मानी जा रही है।

अधिकतम तापमान भी हुआ नीचे

मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री, जमशेदपुर में 27.6 डिग्री, डालटेनगंज में 27.2 डिग्री, बोकारो में 24.5 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में रात और सुबह के तापमान में और गिरावट की संभावना है तथा कई जिलों में ठंडी हवाएं जारी रहेंगी। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह और शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़े अवश्य पहनें, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी रखने की जरूरत है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram