Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ट्रिपल आईटी, रांची में चयनित आदिवासी छात्रा सविता कच्छप ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने सविता कच्छप को पीएचडी की पढ़ाई पूरी करने के लिए राज्य सरकार की ओर से दो लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक उनके परिजन को सौंपा।

मुख्यमंत्री को सविता कच्छप ने बताया कि वे डूंगरी टोली, अरगोड़ा (रांची) की निवासी हैं और वर्तमान में मधुकम स्थित अपनी नानी के घर रहकर अध्ययन कर रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि मात्र 24 वर्ष की आयु में उनका चयन ट्रिपल आईटी, रांची में पीएचडी हेतु इलेक्ट्रिक कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग कोर्स में हुआ है। वे आदिवासी समुदाय से सबसे कम उम्र की पीएचडी अभ्यर्थी होने के साथ-साथ टेक्निकल क्षेत्र की पहली ट्राइबल रिसर्च स्कॉलर भी हैं।

सविता कच्छप ने यह भी बताया कि वे IEEE के मंच पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना नॉवेल्टी रिसर्च वर्क प्रस्तुत कर चुकी हैं, जिससे न केवल राज्य बल्कि आदिवासी समाज का मान बढ़ा है। मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने उनकी हौसला अफजाई करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ रही प्रतिभाओं के साथ खड़ी है और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी। इस मौके पर सविता कच्छप के परिजन एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

Share.
Exit mobile version