फॉण्ट कनवर्टर NEW

Advertisement
Advertisement

चाईबासा बार चुनाव में कांटे की टक्कर, रामेश्वर प्रसाद बने अध्यक्ष

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में रामेश्वर प्रसाद ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, जबकि सत्यव्रत ज्योतिषी महासचिव निर्वाचित हुए। शुक्रवार देर रात तक चली मतगणना के बाद चुनाव पर्यवेक्षकों और मुख्य चुनाव पदाधिकारियों ने परिणामों की घोषणा की। इसके साथ

अपनी भाषा में पढ़ें

Advertisement

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में रामेश्वर प्रसाद ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की, जबकि सत्यव्रत ज्योतिषी महासचिव निर्वाचित हुए। शुक्रवार देर रात तक चली मतगणना के बाद चुनाव पर्यवेक्षकों और मुख्य चुनाव पदाधिकारियों ने परिणामों की घोषणा की। इसके साथ ही विजयी प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को फूलमाला पहनाकर बधाई दी। बार परिसर में अबीर-गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया गया और आतिशबाजी भी की गई।

अध्यक्ष पद के लिए रामेश्वर प्रसाद और अंकुर कुमार चौधरी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंतिम परिणाम में रामेश्वर प्रसाद ने महज 10 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें कुल 139 मत मिले, जबकि अंकुर कुमार चौधरी को 129 मत प्राप्त हुए। अशोक कुमार सिंह देव को 34 मतों से संतोष करना पड़ा।

उपाध्यक्ष पद पर कैसर परवेज ने 90 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने विमल विश्वकर्मा को 17 मतों से पराजित किया। विमल विश्वकर्मा को 73, सोमा कोड़ा को 62 और शरण कुमार पान को 59 मत मिले। नरेंद्र नाथ पांडे तथा महेंद्र दोराईबुरू को आठ-आठ मत प्राप्त हुए।

महासचिव पद पर सत्यव्रत ज्योतिषी ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए 157 मत हासिल किए। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी फादर अगस्टिन कुल्लू को 67 मतों से हराया। अगस्टिन कुल्लू को 90, आशीष कुमार सिन्हा को 37 और केशव प्रसाद को 17 मत मिले।

संयुक्त सचिव प्रशासन पद पर राकेश पांडे 79 मत प्राप्त कर विजयी रहे। इस पद पर हरीश सांडिल को 73, रोशन गागराई को 60, मोहम्मद सरफराज नवाज को 42, मनीष देवगम को 27 और नीमचंद राम को 11 मत मिले। संयुक्त सचिव लाइब्रेरियन पद पर विशाल कुमार शर्मा ने बेहद करीबी मुकाबले में किशोर कुमार महतो को केवल दो मतों से शिकस्त दी। विशाल कुमार शर्मा को 72 और किशोर कुमार महतो को 70 मत मिले। अन्य प्रत्याशियों में संजीव कुमार ठाकुर को 69, संजय देवगम को 38, बीरसिंह बिरूली को 29 और धर्मसिंह हेस्सा को 22 मत प्राप्त हुए।

कोषाध्यक्ष पद पर दुर्योधन गोप ने 203 मत हासिल कर एकतरफा जीत दर्ज की। विमल विश्वकर्मा को 47, बसंत केशरी को 33 और मेंगल सिंह मेलगांडी को 19 मत मिले। सह कोषाध्यक्ष के महिला आरक्षित पद पर लक्ष्मी सिंकु 84 मत प्राप्त कर विजयी रहीं। रंजीता सोलंकी को 77, शोभा कुमारी साहू को 54, पूनम कुमारी बुड़ीउली को 29, पूजा चौरसिया को 27 और जयंती कुमारी को 25 मत मिले।

गवर्निंग काउंसिल की पुरुष वर्ग की पांच सीटों पर अनिल सुंडी को 194, देवेंदु राय को 180, भरत कुमार महतो और सुरेंद्र पूरती को 163-163 तथा शैलेंद्र कुमार पान को 149 मत मिले। इन पांचों प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। वहीं, महिला आरक्षित सीटों के घोषित मतों में बिरूवा को 217, मैगी देवगम को 192, सुप्रिया पान को 189, शिप्रा कुरली को 160 और प्रीति कुमारी को 148 मत मिलने की जानकारी दी गई। हालांकि, चार आरक्षित सीटों के मुकाबले पांच नाम सामने आने के कारण इस श्रेणी के अंतिम परिणाम की आधिकारिक पुष्टि आवश्यक है।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद बार परिसर में देर रात तक जश्न और बधाई देने का सिलसिला चलता रहा। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से अधिवक्ताओं ने संगठन के कामकाज को मजबूत करने और अधिवक्ताओं के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram