Ranchi : आगामी छठ महापर्व को देखते हुए आज उप प्रशासक रविन्द्र कुमार ने वार्ड 21 स्थित विवेकानंद सरोवर (बड़ा तालाब) में सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्ड सुपरवाइजर को तालाब के चारों ओर स्थित घाटों में व्यापक सफाई अभियान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उप प्रशासक ने कहा कि जलाशय में फिटकरी और ब्लीचिंग पाउडर का नियमित छिड़काव किया जाए, ताकि पानी को शुद्ध और सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जलाशय में गंदगी फैलाने, ठोस या तरल अपशिष्ट डालने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उप प्रशासक ने इस बात पर जोर दिया कि सफाई और स्वच्छता केवल प्रशासन का काम नहीं बल्कि समाज और श्रद्धालुओं की जिम्मेदारी भी है। इसके अलावा जलाशय और घाटों की साफ-सफाई के साथ-साथ सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

इस अभियान के तहत महापर्व से पूर्व सभी घाटों पर गंदगी साफ करने, जलाशय को शुद्ध करने और पर्यावरण सुरक्षित रखने की तैयारियां पूरी की जाएंगी। प्रशासन ने लोगों से भी आग्रह किया है कि वे तालाब और घाटों की सफाई बनाए रखने में सहयोग करें।

Share.
Exit mobile version