जयपुर : बगरू क्षेत्र में सरकारी स्कूल की स्थिति का जायजा लेने पहुंची कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि ग्रामीणों ने उनके साथ मारपीट की, शर्ट फाड़ दी और मोबाइल तोड़ दिया। उन्होंने टीम के वाहनों के शीशे तोड़े जाने का भी दावा किया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में ग्रामीण CJP कार्यकर्ताओं को खदेड़ते और वाहनों पर हमला करते नजर आ रहे हैं। एक कार्यकर्ता के पीछे छूट जाने के बाद ग्रामीणों द्वारा उसके साथ भी मारपीट किए जाने का दावा किया गया है।
ग्रामीणों और CJP कार्यकर्ताओं में हुई धक्का-मुक्की
CJP कार्यकर्ताओं के स्कूल पहुंचते ही ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ उनकी धक्का-मुक्की हो गई। ग्रामीणों का कहना था कि वे स्कूल की व्यवस्था अपने स्तर पर ठीक करा लेंगे। ग्रामीणों के मुताबिक, सरकार की ओर से स्कूल के लिए 12.50 लाख रुपये स्वीकृत हो चुके हैं। उन्होंने CJP कार्यकर्ताओं को बाहरी व्यक्ति बताते हुए उन्हें गांव से बाहर कर दिया। CJP की टीम का जयपुर के दो सरकारी स्कूलों- रामपुरा कंवरपुरा और वाटिका रोड स्थित भट्टा वाला राजकीय स्कूल का दौरा करने का कार्यक्रम था। पार्टी के मुताबिक, टीम शिक्षा व्यवस्था, बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और स्कूल भवनों की स्थिति का जायजा लेने पहुंची थी। बताया गया कि रामपुरा कंवरपुरा का प्राथमिक स्कूल जर्जर हालत में है। स्कूल की मुख्य इमारत को बंद कर दिया गया है। छत की पट्टियां टूट चुकी हैं और उन्हें सहारा देने के लिए नीचे लोहे के एंगल लगाए गए हैं। जर्जर भवन के कारण स्कूल को करीब 50 मीटर दूर एक बाड़े में शिफ्ट किया गया है। यहां बच्चे टीनशेड के नीचे पढ़ाई करते हैं। बाड़े के पास पशुओं का चारा रखा है और दीवार की ईंटें भी गिरी हुई हैं।
स्कूलों के निरीक्षण को लेकर पहले भी हुआ विवाद
पिछले दिनों CJP की ओर से किए गए स्कूल निरीक्षण के बाद शिक्षा विभाग ने स्कूलों में मीडिया और आम जनता के बिना वजह प्रवेश पर रोक लगा दी थी। इस फैसले को लेकर CJP के को-कन्वीनर आशुतोष रांका ने शिक्षा मंत्री पर निशाना साधा था। रांका ने आरोप लगाया था कि शिक्षा व्यवस्था की बदहाल स्थिति को छिपाने के लिए इस तरह के कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा था कि पार्टी अपना निरीक्षण अभियान जारी रखेगी और सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार होने तक पीछे नहीं हटेगी। आशुतोष रांका ने स्कूल की स्थिति को लेकर सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि बच्चों को भैंसों के तबेले में पढ़ाया जा रहा है और इसे रोकने के लिए भाजपा की ओर से लोगों को भेजा जा रहा है। उन्होंने इसे शर्मनाक स्थिति बताया।
सचिन पायलट ने भी सरकार को घेरा
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने CJP कार्यकर्ताओं के विरोध के मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता, युवाओं और छात्रों में नाराजगी है, लेकिन सरकार इसे दबाने की कोशिश कर रही है। पायलट ने स्कूलों में पत्रकारों के प्रवेश, फोटो लेने और बिना अनुमति खबर प्रकाशित करने पर रोक के आदेश का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्कूलों की बदहाल स्थिति और जर्जर भवनों की हकीकत छिपाना चाहती है।




