Ranchi News : उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों और अंचल कार्यालयों में प्रत्येक मंगलवार को जनता की समस्याएं सुनी जा रही हैं। इस साप्ताहिक जन संवाद कार्यक्रम के तहत आज जिला के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचलाधिकारी (सीओ) अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर स्थानीय नागरिकों से आमने-सामने मिलें और उनकी शिकायतों व समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना।
अधिकारियों द्वारा समस्याओं का स्थल पर ही यथासंभव समाधान किया गया। कुछ मामलों में संबंधित विभागों से त्वरित समन्वय कर उचित कार्रवाई की गई। इससे आमजन को सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति मिली और उनका भरोसा प्रशासन पर मजबूत हुआ।
उपायुक्त श्री भजंत्री ने बताया, “प्रत्येक नागरिक की समस्या का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकता है। यह साप्ताहिक कार्यक्रम केवल एक संवाद का माध्यम नहीं है, बल्कि शासन को जनता के करीब लाने की दिशा में एक प्रभावशाली कदम है।”
उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपनी शिकायतें और आवश्यक जानकारी लेकर हर मंगलवार को अपने प्रखंड या अंचल कार्यालय जरूर जाएं और इस सुविधा का लाभ उठाएं।



