Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में 28 नवंबर को राज्य सरकार द्वारा एक बड़े नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहायक आचार्य, डेंटल डॉक्टर, कीट पालक सहित विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे।

विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि इसी दिन हेमंत सरकार का एक वर्ष पूरा हो रहा है। इसे लेकर सरकार ने इसे एक उपलब्धि दिवस के रूप में मनाने की तैयारी की है। कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए गृह सचिव वंदना दादेल ने रांची जिला प्रशासन को विशेष निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि समारोह से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके साथ ही गृह सचिव ने संबंधित विभागों को भी निर्देशित किया है कि जेपीएससी और जेएसएससी द्वारा चयनित उम्मीदवारों के लिए नियुक्ति पत्र तैयार कर लिए जाएं। यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी अभ्यर्थी का नियुक्ति पत्र या दस्तावेज़ प्रक्रिया में देरी न हो।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना और सरकार के रोजगार सृजन से जुड़े प्रयासों को जनता के सामने प्रस्तुत करना है। आने वाले दिनों में और भी विभागों में नियुक्ति प्रक्रिया तेज किए जाने की संभावना है।

Share.
Exit mobile version