फॉण्ट कनवर्टर NEW

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम बैच का किया शुभारंभ

Ranchi/Saraikela-Kharsawan : झारखंड में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, आदित्यपुर, सरायकेला-खरसावां में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के प्रथम बैच के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप

अपनी भाषा में पढ़ें

Ranchi/Saraikela-Kharsawan : झारखंड में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, आदित्यपुर, सरायकेला-खरसावां में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के प्रथम बैच के शुभारंभ समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खुलने से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का मार्ग प्रशस्त हो रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरायकेला-खरसावां जैसे अपेक्षाकृत छोटे जिले में मेडिकल कॉलेज का स्थापित होना अत्यंत सराहनीय कदम है, जिससे न केवल शिक्षा का बेहतर माहौल बनेगा, बल्कि क्षेत्र के लोगों को उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ भी मिलेगा। उन्होंने प्रथम बैच के विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में वे एक कुशल और संवेदनशील चिकित्सक के रूप में समाज की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि जब ये विद्यार्थी अपनी पढ़ाई पूरी कर निकलेंगे तो समाज को उनसे बहुत अपेक्षाएं होंगी, और वे निश्चित रूप से इन अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हेल्थ इको सिस्टम को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि गुणवत्तापूर्ण मेडिकल शिक्षा के साथ आधुनिक जांच और उपचार सुविधाएं भी विकसित की जा सकें। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में राज्य में मेडिकल कॉलेजों की संख्या को 25 से 30 तक करने के लक्ष्य के साथ कार्य किया जा रहा है। चुनौतियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जब चुनौतियां होती हैं, तभी काम करने का आनंद भी मिलता है।

उन्होंने यह भी कहा कि डॉक्टरों का आना-जाना एक सतत प्रक्रिया है, लेकिन राज्य में अधिक से अधिक मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, डायग्नोस्टिक सेंटर और योग्य चिकित्सकों को आकर्षित करने के लिए सरकार स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ करने में पूरी क्षमता के साथ कार्य कर रही है। इससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता में बड़ा सुधार होगा।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, लोकसभा सांसद जोबा मांझी, विधायक दशरथ गागराई, विधायक सविता महतो, विधायक समीर मोहंती, विधायक मंगल कालिंदी, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और कॉलेज के अध्यक्ष मदन मोहन सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह व उम्मीद का माहौल दिखाई दिया और प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव की उम्मीदें व्यक्त की गईं।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram