Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज झारखंड मंत्रालय में आयोजित मेगा ब्लड डोनेशन कैंप में रक्तदान कर स्वैच्छिक रक्तदान महाअभियान की शुरुआत की। झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर यह अभियान पूरे राज्य में 12 नवंबर से 28 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लोगों से इस जनकल्याणकारी पहल में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने रक्तदान को “महादान” बताते हुए कहा कि “हमारा दिया गया रक्त किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचा सकता है। यह अभियान राज्य में मानवीय संवेदना और एकजुटता का प्रतीक बनेगा।” उन्होंने कहा कि यह समय झारखंड को जीवनदान का केंद्र बनाने का है और हर नागरिक को इसमें अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य राज्य में रक्त की उपलब्धता बढ़ाना और हर जरूरतमंद तक सुरक्षित रक्त पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी अस्पताल में रक्त की कमी के कारण किसी की जान न जाए, यह सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

झारखंड सरकार की यह पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाएगी, बल्कि राज्य में स्वैच्छिक रक्तदान की संस्कृति को भी बढ़ावा देगी। अभियान के तहत सभी जिलों में विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां नागरिक, संस्थान, सामाजिक संगठन और युवा स्वेच्छा से रक्तदान कर सकेंगे।

स्वैच्छिक रक्तदान महाअभियान के शुभारंभ के मौके पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर, इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, योगेंद्र प्रसाद महतो, सुदिव्य कुमार, शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “हम सब मिलकर झारखंड को जीवनदायिनी राज्य बनाने का संकल्प लें। यही सच्ची सेवा और मानवता का सबसे बड़ा उदाहरण होगा।”

Share.
Exit mobile version