अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को मोरहाबादी मैदान, रांची में आयोजित 5 दिवसीय झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) दिवाली मेला–2025 का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन, राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विभिन्न विभागों के सचिव, वरीय अधिकारी और जेसोवा की अध्यक्ष प्रीति कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जेसोवा अपने स्थापना काल से ही जनहित और समाजसेवा के कार्यों के लिए समर्पित रही है। संस्था ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि यह संस्था आज अपनी रजत जयंती मना रही है और हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दिवाली मेला का भव्य आयोजन कर रही है, जो राज्य की सामाजिक चेतना का प्रतीक बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जेसोवा द्वारा आयोजित इस मेले से प्राप्त पूरी आमदनी गरीबों, जरूरतमंदों और समाज के वंचित वर्गों के कल्याण हेतु खर्च की जाती है। उन्होंने कहा कि “जेसोवा शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। इस मेला के माध्यम से संस्था न केवल परंपरा को सहेज रही है बल्कि समाजसेवा की नई मिसाल भी कायम कर रही है।”
इस अवसर पर जेसोवा द्वारा बेहतर सामाजिक कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया और एक पुस्तकालय का उद्घाटन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने संस्था की सभी सदस्याओं और पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “आप सभी समाज के उत्थान हेतु जिस निष्ठा और समर्पण से कार्य कर रही हैं, वह प्रेरणादायक है। आपकी सेवा भावना से जरूरतमंदों तक राहत और उम्मीद की किरण पहुँच रही है।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन और अन्य गणमान्य अतिथियों ने मेले का परिभ्रमण किया और विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। विधायक कल्पना सोरेन ने जेसोवा की टीम को दिवाली मेले की सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी और कहा कि ऐसी संस्थाएँ राज्य की सामाजिक एकता और सेवा की भावना को सशक्त बनाती हैं। इस अवसर पर जेसोवा की उपाध्यक्ष अनीता सिन्हा, सचिव मनु झा एवं अन्य सदस्यगण भी मौजूद रहीं।

