रांची: झारखंड की राजधानी में 23 फरवरी 2026 को होने वाले नगर निकाय चुनावों की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। मतदान के दिन पोलिंग बूथों पर होने वाली आपाधापी और ‘नाम न मिलने’ जैसी समस्याओं से बचने के लिए जिला प्रशासन ने एक बेहद आसान डिजिटल समाधान पेश किया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के निर्देशानुसार, अब मतदाता घर बैठे अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए मतदाता सूची में अपना नाम और बूथ की सटीक लोकेशन देख सकते हैं।
वेबसाइट पर उपलब्ध है हर छोटी-बड़ी जानकारी
प्रशासन ने रांची नगर निगम के सभी 53 वार्डों और बुंडू नगर पंचायत के मतदाताओं के लिए आधिकारिक वेबसाइट ranchi.nic.in पर विशेष डैशबोर्ड तैयार किया है। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे वोट डालने जाने से पहले एक बार अपना विवरण जरूर जांच लें। वेबसाइट के होमपेज पर ‘MUNICIPAL ELECTION RANCHI 2026’ सेक्शन में जाकर मतदाता अपनी पूरी कुंडली निकाल सकते हैं।
स्मार्ट सर्च: एपिक नंबर से ढूंढें अपना नाम
वोटर लिस्ट में नाम खोजना अब बोझिल काम नहीं रहा। मतदाता अपने 10-अंकीय एपिक (EPIC) नंबर यानी वोटर आईडी कार्ड नंबर का उपयोग करके सर्च टूल के जरिए अपना नाम सुनिश्चित कर सकते हैं। यदि आपका नाम सूची में है, तो पोर्टल तुरंत आपको आपका भाग संख्या और क्रमांक दिखा देगा।
मैप लिंक से पहुंचे सीधे पोलिंग बूथ तक
इस बार प्रशासन ने तकनीक का शानदार इस्तेमाल किया है। वेबसाइट पर वार्ड-वार बूथ लिस्ट अपलोड की गई है। इसमें न केवल स्कूल या सामुदायिक केंद्र जैसे मतदान केंद्रों के नाम हैं, बल्कि कई जगह मैप लिंक की सुविधा भी दी गई है। इससे मतदाताओं को, विशेषकर नए वोटर्स को, अपना बूथ खोजने के लिए गलियों में भटकना नहीं पड़ेगा।
प्रशासन की अपील: पहले जांचें, फिर वोट करें
जिला प्रशासन का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सुगम बनाना है। अधिकारियों का कहना है कि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए मतदाता पहले ही अपना ‘एपिक नंबर’ और ‘बूथ लोकेशन’ कंफर्म कर लें। यह छोटी सी सावधानी लोकतंत्र के इस महापर्व में आपकी भागीदारी को और भी सुखद बना देगी।



