पिठौरिया चौक में UPI भुगतान का झांसा देकर हजारों रुपये की ठगी
पिठौरिया चौक में UPI भुगतान का झांसा देकर दो दुकानदारों से हजारों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्थानीय दुकानदारों में चिंता का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति ने पहले जगदीश फ्रूट कॉर्नर पहुंचकर करीब 220 केले और 16 किलो सेब लेने की बात कही। उसने दुकानदार को भरोसा दिलाया कि भुगतान वह UPI के माध्यम से कर देगा। इसी दौरान उसने करीब छह हजार रुपये नकद ले लिए और वहां से फरार हो गया।
इसके बाद उसी व्यक्ति ने एक बैटरी-इनवर्टर दुकान शुभम केशरी को निशाना बनाया। आरोपी ने बड़ी खरीदारी की बात कहकर दुकानदार से नकद रुपये मांगे और UPI से भुगतान करने का भरोसा दिया। दुकानदार ने उसकी बातों में आकर करीब 10 हजार रुपये नकद दे दिए। आरोपी सामान ऑटो में लोड करवाने के बाद एक पेटी लाने के बहाने वहां से निकल गया और वापस नहीं लौटा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद दुकानदारों ने सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की मांग की गई है।




