धनबाद। झरिया के पाथरडीह कोल वाशरी में गुरुवार को काम के दौरान वेल्डिंग मशीन फटने से तीन मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद वाशरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों और कंपनी के अधिकारियों ने घायलों को चासनाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, पाथरडीह कोल वाशरी में एसीबी कंपनी के पेटी ठेकेदार आरके कंस्ट्रक्शन की ओर से बीसीसीएल के निर्माण कार्य से जुड़ा काम कराया जा रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग करते समय मशीन अचानक फट गई, जिसकी चपेट में तीन मजदूर आ गए।
घायलों में एक मिस्त्री और एक हेल्पर की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद स्थित एसएनएमएमसीएच रेफर किया गया। वहीं, तीसरे मजदूर का इलाज चासनाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
हादसे के बाद मजदूर नेता नीताई महतो ने ठेका कंपनी पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कार्यस्थल पर मशीनों की नियमित जांच और मजदूरों के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था जरूरी है। उन्होंने घटना की जांच कराने और सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की।




