रांची: ट्रेड लाइसेंस को लेकर रांची नगर निगम की ओर से व्यवसायियों को नोटिस जारी करने और दुकानों को सील करने की कार्रवाई के विरोध में चैंबर भवन में बैठक हुई। बैठक में व्यवसायियों ने निगम की कार्रवाई पर नाराजगी जताई और कहा कि पहले ट्रेड लाइसेंस जारी करने और नवीनीकरण की व्यवस्था को ठीक किया जाना चाहिए।
बैठक में बताया गया कि हाल के दिनों में निगम की ओर से दुकानदारों को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर ट्रेड लाइसेंस लेने या उसका नवीनीकरण कराने का निर्देश दिया जा रहा है। साथ ही लाइसेंस नहीं लेने पर दुकान सील करने और कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है। इससे व्यवसायियों में चिंता का माहौल है।
चैंबर के अनुसार, ट्रेड लाइसेंस और राजस्व संग्रह के लिए अधिकृत एजेंसी का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। नई एजेंसी का चयन भी अभी नहीं हुआ है। चैंबर ने ऑनलाइन माध्यम से ट्रेड लाइसेंस के नए आवेदन और नवीनीकरण की प्रक्रिया की जांच की, जिसमें व्यवस्था सुचारू रूप से काम नहीं करने की बात सामने आई।
चैंबर उपाध्यक्ष रोहित पोद्दार ने कहा कि जब लाइसेंस लेने और नवीनीकरण की व्यवस्था ही ठीक से काम नहीं कर रही है, तो व्यवसायियों को नोटिस जारी करना और दुकान सील करने की चेतावनी देना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि त्योहारी समय में ऐसी कार्रवाई से कारोबारियों में अनावश्यक डर पैदा हो रहा है।
पूर्व अध्यक्ष विनय अग्रवाल ने कहा कि व्यवसायी नियमों का पालन करने के लिए तैयार हैं। नगर निगम को पहले ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए, जिससे व्यवसायी आसानी से नया ट्रेड लाइसेंस ले सकें और पुराने लाइसेंस का नवीनीकरण करा सकें। इसके लिए विशेष कैंप लगाने और व्यवसायियों को जागरूक करने की मांग की गई।
बैठक में नगर निगम से लाइसेंस की व्यवस्था जल्द ठीक करने और तब तक व्यवसायियों के खिलाफ जांच, नोटिस या दंडात्मक कार्रवाई नहीं करने का आग्रह किया गया। चैंबर ने निगम को व्यवस्था सुधारने में सहयोग देने की बात कही।
बताया गया कि शहीद चौक के पास नगर निगम ने कुछ दुकानों को ट्रेड लाइसेंस के नाम पर नोटिस जारी करने के बाद सील करने की कार्रवाई की थी। इसका व्यवसायियों ने विरोध किया।




