Chaibasa News: पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड के एक गांव में गुरुवार को नाबालिग के साथ दुष्कर्म की शर्मनाक घटना सामने आई है। आरोप गांव के ही पद्मलोचन महतो (45) पर लगा है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पीड़िता को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

खेत में गई थी मां, घर से बहाने से बुलाकर ले गया आरोपी

घटना के संबंध में पीड़िता की मां ने बताया कि सुबह वह खेत में धान काटने गई थीं और घर पर उनकी नाबालिग बेटी छोटी बहन के साथ थी। जब वह घर लौटीं तो बड़ी बेटी रो रही थी। पूछने पर उसने बताया कि पद्मलोचन महतो घर आया और उसे लकड़ी काटने के लिए जंगल चलने को कहा। भरोसा कर वह उसके साथ चली गई। जंगल पहुंचने पर आरोपी ने पहले छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसका मुंह दबाकर जबरन दुष्कर्म किया।

पुलिस की कार्रवाई और गांव में आक्रोश

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पीड़िता को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। चाकुलिया थाना के एएसआई कविंद्र पोद्दार ने अस्पताल जाकर पीड़िता का बयान दर्ज किया और जांच शुरू की। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम गठित कर दी गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

इस घटना से पूरे गांव में आक्रोश फैल गया है। ग्रामीणों ने दोषी को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

Share.
Exit mobile version