1500 शेयरधारक जोड़ने पर मिलेगा 15 लाख का अनुदान, किसानों को मिलेगा उपज का उचित मूल्य : बीडीओ
चैनपुर पंचायत भवन में आज खाद बीज चैनपुर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड की वित्तीय वर्ष 2024-2025 के लिए पहली वार्षिक आम सभा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री यादव कुमार बैठा, जिला परिषद सदस्य मैडम मेरी लकड़ा, और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि शामिल हुए। सभा का मुख्य उद्देश्य किसानों, विशेषकर महिला किसानों को संगठित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और उनकी उपज का सही मूल्य दिलाना था।कार्यक्रम की शुरुआत जेएसएलपीएस की दीदियों द्वारा अतिथियों के पारंपरिक स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सभा का विधिवत शुभारंभ किया।सभा को संबोधित करते हुए एफपीओ की अध्यक्ष रोशनी एक्का ने कंपनी की ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बाजार से जुड़ाव, नए कृषि उपकरणों के उपयोग और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया।मुख्य अतिथि, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री यादव कुमार बैठा ने जेएसएलपीएस की दीदियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, “सरकार की मंशा किसानों को सशक्त बनाना है। जैसे ही यह एफपीओ 1500 शेयरधारकों का लक्ष्य पूरा कर लेगा, इसे सरकार द्वारा 15 लाख रुपये की मैचिंग इक्विटी ग्रांट दी जाएगी। इस राशि से एफपीओ बड़े स्तर पर खरीद-बिक्री कर सकेगा, जिससे किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिलेगी और उनके उत्पाद का उचित मूल्य सुनिश्चित होगा।”जिला परिषद सदस्य श्रीमती मेरी लकड़ा ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण और स्वावलंबन की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। वहीं, चैनपुर पंचायत की मुखिया शोभा देवी और कांतिग पंचायत की मुखिया मधुरा मिजं ने एफपीओ के कार्यों की सराहना करते हुए अधिक से अधिक महिला किसानों से इसमें जुड़ने की अपील की।जेएसएलपीएस की बीपीएम, बबिता बड़ाईक ने बताया कि भारत सरकार देशभर में 10,000 एफपीओ का गठन कर रही है ताकि किसान आत्मनिर्भर बन सकें, और चैनपुर का यह एफपीओ उसी महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है। कंपनी के सीईओ, मो. वासिद अंसारी ने एफपीओ की कार्यप्रणाली और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।इस सफल आयोजन के मौके पर जनावल पंचायत समिति सदस्य शांता टोप्पो, एफपीओ के सभी निदेशक मंडल और शेयरधारक, सीईओ और जेएसएलपीएस के अन्य कर्मी उपस्थित रहे



