फॉण्ट कनवर्टर NEW

चाईबासा जेल में औचक छापा: जज और डीसी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

Chaibasa: शनिवार को मंडल कारा चाईबासा में प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण कर जेल की सुरक्षा, व्यवस्थाओं और कैदियों को उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, चाईबासा व्यवहार न्यायालय मौहम्मद शाकिर ने

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa: शनिवार को मंडल कारा चाईबासा में प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण कर जेल की सुरक्षा, व्यवस्थाओं और कैदियों को उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण का नेतृत्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, चाईबासा व्यवहार न्यायालय मौहम्मद शाकिर ने किया। इस दौरान जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू सहित बोर्ड ऑफ विजिटर के सदस्य भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। प्रवेश द्वार, बैरकों की निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की समीक्षा करते हुए आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि कारागार की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही टीम ने कैदियों के लिए संचालित भोजनालय का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और निर्धारित मेन्यू के पालन की जांच की। भोजन बनाने और वितरण की प्रक्रिया को देखा गया तथा साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने को कहा कि कैदियों को समय पर पौष्टिक और मानक के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के क्रम में भंडार कक्ष का भी जायजा लिया गया, जहां खाद्यान्न और अन्य आवश्यक सामग्रियों के रख-रखाव की स्थिति देखी गई। संधारित पंजी और रिकॉर्ड की जांच कर उन्हें नियमित रूप से अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया।

कारागार अस्पताल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति और दवाइयों के स्टॉक की समीक्षा की। कैदियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर की समग्र साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी आकलन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप बनी रहें और जहां कहीं कमी पाई जाए, उसे शीघ्र दूर किया जाए।

अधिकारियों ने कहा कि कारागार में बंद कैदियों के मानवाधिकारों का संरक्षण करते हुए उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। नियमित निरीक्षण के माध्यम से व्यवस्थाओं में सुधार लाने और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram