फॉण्ट कनवर्टर NEW

हथियारों संग पकड़ा गया कुख्यात अपराधी मदन शर्मा… पूछताछ में खुला खौफनाक सच!

Chaibasa News: पश्चिम सिंहभूम जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधकर्मी मदन शर्मा को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया।उसके पास से एक देशी सिक्सर, दो देशी कट्टा और 13 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa News: पश्चिम सिंहभूम जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधकर्मी मदन शर्मा को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया।उसके पास से एक देशी सिक्सर, दो देशी कट्टा और 13 जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी द्वारा प्रेस को दी गई जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अमित रेनू को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के सुमित सिंह यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी मदन शर्मा सिंहपोखरिया से महुलसाई इलाके में हथियारों के साथ मोटरसाइकिल से घूम रहा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया।

विशेष दल द्वारा तेजी से कार्रवाई करते हुए टेकराहातु खदान के पास से मदन शर्मा को दबोच लिया गया। तलाशी में पुलिस ने उसके पास से एक देशी सिक्सर, दो देशी कट्टा और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए। पूछने पर वह हथियारों के वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद हथियारों को जप्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में मदन शर्मा ने हथियार सप्लाई करने वाले मारकण्डेय सिंह कुन्टिया का नाम बताया, जिसे बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मारकण्डेय ने मदन शर्मा को हथियार उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। मामले में मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 188/2025 के तहत आर्म्स एक्ट एवं बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में मदन शर्मा ने 13 जुलाई 2025 को सदर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी नीमडीह में सुमित सिंह यादव की हत्या करने की बात भी कबूल कर ली। उसने बताया कि वर्ष 2022 में सुमित सिंह यादव ने पुलिस की मदद कर उसे जय किशन पिंगुवा हत्याकांड में गिरफ्तार करवाया था, जिसके प्रतिशोध में जेल से छूटने के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की।

पुलिस ने गिरफ्तार दोनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। मदन शर्मा के विरुद्ध हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट एवं अन्य गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं, वहीं मारकण्डेय सिंह कुन्टिया भी हत्या, लूट, धोखाधड़ी और अवैध हथियारों से जुड़े कई मामलों में पूर्व से अभियुक्त रहा है।

जप्त सामान में एक देशी सिक्सर, दो देशी कट्टा, 8 एमएम के 9 जिंदा कारतूस, 380 एमएम के 4 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (JH06F-3642) शामिल हैं।

इस कार्रवाई को सदर व मुफ्फसिल थाना की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया, जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, डीएसपी तरुण कुमार, थाना प्रभारी विनोद कुमार समेत कई पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल थे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram