कोलकाता: शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने अदालत में 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है।
चार्जशीट में दो स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं सागर सोनकर और उनके भाई साहिब सोनकर का नाम भी शामिल है। दोनों पहले चंद्रनाथ रथ के कार्यालय में काम कर चुके हैं।
CBI की जांच के अनुसार, सागर सोनकर पर हत्या की साजिश रचने और उत्तर प्रदेश से बुलाए गए शूटरों को सुपारी देने का आरोप है। जांच एजेंसी का दावा है कि हत्या की योजना दिसंबर से बनाई जा रही थी और बाद में मई में इसे अंजाम दिया गया।
चंद्रनाथ रथ की 6 मई को मध्यमग्राम में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह भवानीपुर क्षेत्र में चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
इस मामले में CBI अब तक छह कथित शूटरों मोनू सिंह, राज सिंह, गोलू सिंह, मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्या और नवीन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा तीन बिचौलियों विनय राय, संजय राय और विकास मिश्रा को भी गिरफ्तार किया गया है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, मामले में एक आरोपी अभी भी फरार है। राज्य सरकार की सिफारिश के बाद इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच CBI को सौंपी गई थी।




