अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
गुमला/चैनपुर: राष्ट्रीय पल्स पोलियो दिवस के अवसर पर चैनपुर प्रखंड स्थित स्वास्थ्य केंद्र में पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा, चैनपुर की मुखिया शोभा देवी, चिकित्सा प्रभारी डॉ. दीपशिखा किंडो तथा डॉ. प्रभात कुमार ने संयुक्त रूप से बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर की।
अभियान के शुभारंभ के दौरान स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलाने की अपील की। चिकित्सा प्रभारी डॉ. दीपशिखा किंडो ने बताया कि अभियान के पहले दिन ‘बूथ डे’ मनाया जा रहा है। इसके तहत पूरे चैनपुर प्रखंड में कुल 49 बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिन बच्चों को किसी कारणवश पहले दिन बूथ तक नहीं लाया जा सकेगा, उन्हें अभियान से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। इसके लिए 29 और 30 तारीख को सहिया दीदी एवं एएनएम की टीम घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएगी, ताकि एक भी बच्चा इस महत्वपूर्ण अभियान से छूटने न पाए।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य मेरी लकड़ा ने क्षेत्र के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 28 से 30 तारीख तक चलने वाले इस अभियान में प्रत्येक परिवार अपनी जिम्मेदारी निभाए और 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की ड्रॉप्स अवश्य पिलाए। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए यह अभियान बेहद महत्वपूर्ण है और सभी की सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी, सहिया दीदी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं अपने बच्चों के साथ उपस्थित रहीं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

