पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर): स्टील सिटी जमशेदपुर का व्यस्त इलाका जुगसलाई शुक्रवार की शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। जुगसलाई थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड और गोलछा मार्केट स्थित ‘यूनिक कलेक्शन’ नामक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में बेखौफ अपराधियों ने घुसकर सरेआम फायरिंग कर दी। घटना नगर परिषद कार्यालय के बेहद करीब और घनी आबादी वाले बाजार क्षेत्र में हुई, जिसके कारण आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, शाम के वक्त जब बाजार में अच्छी-खासी चहल-पहल थी, तभी एक चारपहिया वाहन से तीन से चार अपराधी दुकान के बाहर आकर रुके। इनमें से दो अपराधी तेजी से दुकान के भीतर दाखिल हुए। अपराधियों ने सीधे दुकान के संचालक बिनेश कुमार बेरिया उर्फ दिनेश कुमार केडिया को निशाना बनाया और पिस्तौल तान दी।

कारोबारी की सूझबूझ से बची जान

अपराधियों ने दिनेश कुमार केडिया पर सीधे गोली चला दी। लेकिन ऐन वक्त पर कारोबारी ने गजब की सूझबूझ दिखाई। सामने मौत (पिस्तौल) देखकर वे फुर्ती से नीचे की ओर झुक गए। अपराधियों की चलाई गोली उनके कान और सिर के ठीक ऊपर से गुजरती हुई दीवार में जा धंसी। अगर कारोबारी झुकने में एक सेकंड की भी देरी करते, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। वे इस जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गए।

बाजार में मची भगदड़, सिटी एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर

व्यस्त बाजार के बीच अचानक हुई फायरिंग की आवाज से आसपास के दुकानदार और ग्राहक सहम गए। बाजार में देखते ही देखते भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी उसी गाड़ी से हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा, लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी तौक़ीर आलम और जुगसलाई थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को सील कर दिया और दुकान के अंदर से एक खोखा बरामद किया।

सीसीटीवी में कैद हुए चेहरे, सन्नी सरदार के रूप में हुई पहचान

पुलिस को शुरुआती जांच में ही एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में अपराधियों की यह पूरी करतूत और उनके चेहरे साफ तौर पर कैद हो गए हैं। फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने हमलावरों में से एक की पहचान ‘सन्नी सरदार’ नामक युवक के रूप में की है।

सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले के विभिन्न ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस फिलहाल इस मामले को रंगदारी (Extortion) और आपसी रंजिश, दोनों ही एंगल से जोड़कर देख रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी शूटरों को दबोच लिया जाएगा।

Share.
Exit mobile version