फॉण्ट कनवर्टर NEW

रात के अंधेरे में मौत का कारोबार, अवैध बालू ढुलाई ने ली चालक की जान

Chaibasa news:पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार एक बार फिर घातक साबित हुआ है। धानापाली गांव के पास सोमवार देर रात अवैध बालू से लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक

अपनी भाषा में पढ़ें

Chaibasa news:पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार एक बार फिर घातक साबित हुआ है। धानापाली गांव के पास सोमवार देर रात अवैध बालू से लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 41 वर्षीय अजित टोप्पो के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि अजित टोप्पो रोज की तरह रात के समय अवैध रूप से बालू ढोने निकला था। तेज रफ्तार ट्रैक्टर गांव के पास एक मंदिर के समीप खेत में जा पलटा। ट्रैक्टर पर लदा भारी मात्रा में बालू उसके ऊपर गिर पड़ा, जिससे वह पूरी तरह दब गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे बाहर निकालकर मनोहरपुर उप-स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे की जानकारी मिलते ही मनोहरपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि शुरुआत में मामले को दबाने का प्रयास किया गया। जब लोगों का आक्रोश बढ़ा, तब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार मनोहरपुर, आनंदपुर, गोइलकेरा और गुदड़ी क्षेत्र की कोयल व कारो नदियों से अवैध बालू उठाव लंबे समय से जारी है। आरोप है कि यह पूरा नेटवर्क प्रशासनिक मिलीभगत से संचालित हो रहा है। पहले एसडीओ स्तर पर की गई छापेमारी में कई ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की गई थीं, लेकिन फिलहाल किसी भी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है।

बताया जाता है कि बालू माफिया रात के अंधेरे में अवैध खनन और परिवहन करते हैं, जिससे सरकार को प्रतिदिन लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है। केवल मनोहरपुर क्षेत्र में ही प्रतिदिन 50 से 60 ट्रैक्टर और कई हाईवा अवैध बालू की ढुलाई में लगे रहते हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गुदड़ी और गोइलकेरा से निकलने वाले बालू लदे वाहन रोजाना सोनुवा समेत अन्य थाना क्षेत्रों से होकर गुजरते हैं। कई बार ये वाहन थानों के सामने से निकल जाते हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होती। अधिकांश अवैध बालू चक्रधरपुर की ओर भेजा जाता है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram