Jamshedpur News: बर्मामाइंस स्थित टाटा कंपनी के पार्किंग स्थल पर गुरुवार की सुबह माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। ड्राइवरों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब कथित अवैध वसूली से परेशान होकर उन्होंने पार्किंग गेट पर ही जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते गेट के दोनों ओर ट्रेलरों की लंबी कतारें लग गईं और पूरा इलाका जाम हो गया।
“250 रुपये जबरन वसूले जाते हैं”- ड्राइवरों का आरोप
ड्राइवरों का कहना है कि पार्किंग में तैनात कर्मचारी उनसे कैश में 250 रुपये पार्किंग और मेडिकल जांच के नाम पर लेते हैं। इसके अलावा टेस्टिंग के दौरान जरूरत से ज्यादा खून लिया जाता है, जिसका कोई तार्किक कारण नहीं बताया जाता। इससे ड्राइवरों के बीच भय और गुस्सा लगातार बढ़ रहा था। यूनियन अध्यक्ष जयकिशोर सिंह ने आरोप लगाया कि पार्किंग का संचालन मनमर्जी से चल रहा है। उनका कहना है कि रोजाना 7–8 हजार ड्राइवर यहां से टाटा कंपनी के कच्चे माल और तैयार उत्पाद लेकर निकलते हैं, ऐसे में सभी पर नकद वसूली थोपना पूरी तरह गलत है।
यूनियन के नेतृत्व में बड़ा प्रदर्शन- गेट जाम से सप्लाई पर असर
जमशेदपुर लोकल ट्रेलर ओनर यूनियन के नेतृत्व में हुआ यह विरोध धीरे-धीरे बड़ा रूप लेता गया। ड्राइवरों और यूनियन पदाधिकारियों की भीड़ बढ़ती गई और पार्किंग गेट घंटों जाम रहा। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र की सप्लाई भी प्रभावित हुई। यूनियन के उपाध्यक्ष मनोज कुमार, सचिव राजेश तिवारी, संगठन मंत्री सोनू महतो, सलाहकार बबलू सिंह, और सदस्य बंटी कुंभकार, इमरान अंसारी और रवि यादव भी मौके पर मौजूद रहे। सभी ने मिलकर प्रशासन से मांग की कि अवैध वसूली को तुरंत रोका जाए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए।
“जब तक न्याय नहीं, आंदोलन जारी रहेगा”
ड्राइवरों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो पार्किंग गेट जाम आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि मनमानी वसूली से उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है और अब वे और चुप नहीं रहेंगे।



