Gomia (Bokaro): बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड में अवैध कोयला तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे सरकारी और निजी माइनिंग कंपनियों के अधिकारियों की जान लेने पर उतारू हो गए हैं। रविवार को रहावन ओपी क्षेत्र के बघरैया इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अवैध खनन के मुहाने की जांच करने गई केबीपी माइनिंग कंपनी (KBPL) और सीसीएल (CCL) की संयुक्त टीम पर अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी का सिर फट गया है, जिन्हें गंभीर हालत में रांची रेफर किया गया है।

अचानक निकले 20 हमलावर, शुरू कर दी पत्थरबाजी

जानकारी के अनुसार, KBPL के अधिकारी रवि रामाचंद्रा राव, राजगोपाल और सीसीएल के सुरक्षा अधिकारी लालचंद महतो अपनी स्कॉर्पियो से पचमो खनन क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे थे। जैसे ही टीम अवैध खनन के सक्रिय मुहाने के करीब पहुंची, वहां घात लगाकर बैठे 15-20 अज्ञात हमलावरों ने टीम को घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अपराधी लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियारों से लैस थे। गाली-गलौज से शुरू हुआ विवाद पल भर में खूनी संघर्ष में बदल गया।

वाहनों के उड़े परखच्चे, अधिकारी को रांची रेफर

हमलावरों ने न सिर्फ अधिकारियों को बेरहमी से पीटा, बल्कि उनकी स्कॉर्पियो गाड़ी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में घायल अधिकारी रवि रामाचंद्रा राव और चालक धीरज कुमार को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (घाटो) ले जाया गया। रवि राव की हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची भेज दिया है। उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे जख्म आए हैं।

पुलिस की चेतावनी: अपराधी बख्शे नहीं जाएंगे

घटना की सूचना मिलते ही गोमिया इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि रहावन ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है और हमलावरों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है। इंस्पेक्टर ने कड़े लहजे में कहा कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान और तेज होगा और वर्दी पर हाथ डालने वालों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में पुलिसिया गश्त बढ़ा दी गई है।

इस खबर को भी पढ़ें : गोमिया प्रखंड की मुखिया के गायब होने से पूरे इलाके में फैली सनसनी

Share.
Exit mobile version