Bokaro: आज दिनांक 11 अक्टूबर 2025 को सिविल सर्जन डॉ अभय भूषण प्रसाद ने सेक्टर-6 स्थित शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ किरण सहित पूरी स्वास्थ्य टीम मौके पर मौजूद रही। सिविल सर्जन ने दवा की उपलब्धता, रखरखाव और एक्सपायरी मेडिसिन की जांच की। बताया गया कि समय तक 17 मरीजों की जांच की जा चुकी थी।

डॉ प्रसाद ने ओपीडी में उपस्थित दवाओं को व्यवस्थित रखने का स्पष्ट निर्देश दिया। मरीजों की बढ़ती संख्या और शहरी आबादी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने शहरी कार्यक्रम प्रबंधक को सेक्टर-6 केंद्र में प्रसव केंद्र खोलने के लिए आवश्यक उपकरण और संसाधन की सूची तैयार करने को कहा। सभी जरूरी उपकरण उपलब्ध कर प्रसव केंद्र जल्द शुरू करने की बात कही गई।

सहूलियत के लिए सिविल सर्जन ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्र के स्टाफ की मीटिंग, प्रशिक्षण और चिकित्सा सेवाओं से जुड़ी कार्यशालाएं सेक्टर-6 शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही आयोजित होंगी। इससे स्वास्थ्य केंद्र में सेवाओं का संचालन और प्रबंधन और अधिक सशक्त होगा।

निरीक्षण के दौरान प्रधान लिपिक दिलीप कुमार सिंह, जिला शहरी स्वास्थ्य प्रबंधक विश्वरंजन, सैफुल्लाह अंसारी, मो. शब्बीर अनवर आदि अधिकारी उपस्थित रहे। सबके समन्वय से स्वास्थ्य सेवा की गुणवत्ता बढ़ाने और मातृत्व सेवाओं की नई सुविधा के इंतजार में क्षेत्रवासियों में सकारात्मक उत्साह देखा गया।

Share.
Exit mobile version