फॉण्ट कनवर्टर NEW

Bokaro News: रातोंरात ढही इमारत, …जानिए कैसे बाल-बाल बचे लोग?

Bokaro: झारखंड के बोकारो जिले में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर 1बी स्थित हिंदुस्तान स्टील कंस्ट्रक्शन लिमिटेड (एचएससीएल) कॉलोनी की चार मंजिला इमारत का पिछला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय कई परिवार इमारत में

अपनी भाषा में पढ़ें

Bokaro: झारखंड के बोकारो जिले में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर 1बी स्थित हिंदुस्तान स्टील कंस्ट्रक्शन लिमिटेड (एचएससीएल) कॉलोनी की चार मंजिला इमारत का पिछला हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय कई परिवार इमारत में मौजूद थे, लेकिन सभी लोग समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सेक्टर 1बी के मकान संख्या 351 से 366 के बीच हुआ। यह इमारत काफी पुरानी और जर्जर बताई जा रही है। अचानक तेज आवाज के साथ इमारत का पिछला हिस्सा गिरने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस, नगर निगम और सिविल डिफेंस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया है। अधिकारियों ने आसपास की इमारतों को भी एहतियातन खाली करा लिया है। कई परिवारों ने रात खुले मैदान में बिताई, क्योंकि उनका सामान मलबे में दब गया है। नगर निगम की टीम ने राहत कार्य शुरू कर दिया है और मलबा हटाने का काम जारी है।

इसी बीच, धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और प्रशासन से अनुरोध किया कि बेघर परिवारों को टाउन हॉल में अस्थायी आश्रय दिया जाए। उन्होंने कहा कि एचएससीएल कॉलोनी की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया गया था, लेकिन समस्या को नजरअंदाज कर दिया गया।

सिटी थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दीवारों की नमी और संरचनात्मक कमजोरी को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। हालांकि, पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी की कई और इमारतें भी बेहद जर्जर स्थिति में हैं, और प्रशासन को जल्द कार्रवाई करनी चाहिए ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram