Bokaro News: बोकारो में मंगलवार का दिन कई बड़ी विकास परियोजनाओं के लिए खास रहा। विधायक श्वेता सिंह ने उपायुक्त से मुलाकात कर एयरपोर्ट, IMC और शहर के अन्य प्रमुख प्रोजेक्ट्स की प्रगति की समीक्षा की। मुलाकात के बाद उन्होंने साफ कहा कि अब एयरपोर्ट शुरू होने की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है।
एयरपोर्ट संचालन पर बड़ा अपडेट
विधायक श्वेता सिंह के मुताबिक बोकारो एयरपोर्ट से जुड़ी औपचारिकताएं अब लगभग पूरी होने की कगार पर हैं। सुरक्षा मानकों का अनुपालन, अतिक्रमण हटाने और तकनीकी निरीक्षण जैसी प्रक्रियाएं अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। उन्होंने बताया कि “अब बोकारो को हवाई सेवा मिलने में ज्यादा वक्त नहीं है। एयरपोर्ट शुरू होते ही निवेश, उद्योग और व्यापार का दायरा कई गुना बढ़ेगा। इसका सीधा फायदा युवाओं को मिलेगा।” जिले में बीते कई वर्षों से एयरपोर्ट संचालन को लेकर अपेक्षा बढ़ती रही है। इस बार प्रशासन की गति और विधायक की सक्रियता से शहर में उम्मीद और तेज हुई है।
IMC बोकारो- रोजगार का नया केंद्र बनने की तैयारी
बैठक में अमृतसर–कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर के तहत बन रहे IMC बोकारो पर विशेष रूप से चर्चा की गई। NICDC के मुताबिक AKIC परियोजना से करीब 9.39 लाख रोजगार की संभावनाएं हैं। विधायक ने कहा कि IMC बोकारो भी आने वाले समय में बड़े पैमाने पर युवाओं को रोजगार देगा। उन्होंने प्रशासन को साफ निर्देश दिए कि औद्योगिक इकाइयों के लिए पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और स्थानीय युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा जाए।
बैठक में अन्य परियोजनाओं- नए बस स्टैंड, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, इंडोर स्टेडियम, साइंस सिटी, कला केंद्र और पर्यटन-रिसोर्ट विकास योजना- की भी समीक्षा की गई। विधायक का कहना है कि ये सभी योजनाएं बोकारो को आधुनिक और बहुआयामी जिला बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि “मेरी प्राथमिकता है कि बोकारो के बड़े प्रोजेक्ट धरातल पर दिखें। आने वाले महीनों में जनता इन योजनाओं का असर महसूस करेगी।”



