अपनी भाषा चुनेें :
बटन दबाकर थोड़ा इंतज़ार करें...
सिसई: बैजनाथ जालान महाविद्यालय, सिसई द्वारा आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को ललित उरांव स्टेडियम, महुआडीपा में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के सांस्कृतिक दल द्वारा मांदर की थाप पर नृत्य-संगीत से हुई, जिससे पूरे मैदान में उत्साह का माहौल बन गया।
कुड़ूख एवं नागपुरी विभाग के छात्रों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद एनसीसी कैडेट एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने अनुशासित मार्च पास्ट किया। प्राचार्य एवं अतिथियों द्वारा झंडोत्तोलन किया गया, जबकि खिलाड़ियों और पदाधिकारियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ ली।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रो. अमिताभ भारती ने कहा कि वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी क्षमता और अनुभव के साथ खेल भावना का परिचय देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेल का विशेष महत्व है, जो खिलाड़ियों के जीवन को नई ऊंचाइयों तक ले जाता है। हर विद्यार्थी को पढ़ाई के साथ-साथ खेल और शारीरिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहना चाहिए।
प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स की 16 स्पर्धाएं आयोजित की गईं, जिनमें बालक एवं बालिका वर्ग की 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 1500 मीटर दौड़, शॉटपुट, लंबी कूद, जैवलिन थ्रो, डिस्कस थ्रो और रिले रेस शामिल हैं। सभी इवेंट्स का फाइनल 17 दिसंबर को आयोजित होगा, जिसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह होगा।
कार्यक्रम में प्राचार्य सहित कई प्राध्यापक, अतिथि, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

