रांची। भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू का शुक्रवार को भाजपा रांची महानगर जिला कार्यालय, रातू रोड में भव्य स्वागत किया गया। ढोल–नगाड़ों, जयघोष और पुष्पमालाओं के बीच आयोजित इस अभिनंदन समारोह में संगठनात्मक एकता और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक अंदाज में अपने नेता का अभिनंदन कर गर्व और खुशी जाहिर की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का पद केवल उनका नहीं, बल्कि हर समर्पित कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने कहा, “वास्तव में आप सभी ही प्रदेश अध्यक्ष हैं।” भाजपा कार्यकर्ता की निस्वार्थ सेवा और समर्पण की भावना को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता बिना अपेक्षा के संगठन के लिए काम करता है, सफलता स्वयं उसके पीछे चलती है।

अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए साहू ने कहा कि उन्होंने कभी राज्यसभा सांसद या प्रदेश अध्यक्ष बनने का सपना नहीं देखा था, बल्कि केवल संगठन की सेवा की, और पार्टी ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ताओं के दबाव और आंदोलन के कारण ही सरकार को नगर निकाय चुनाव कराने के लिए मजबूर होना पड़ा। अब पार्टी का लक्ष्य स्पष्ट है—नगर निकाय चुनाव में सभी सीटों पर विजय।

राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए साहू ने कहा कि झारखंड में हालात चिंताजनक हैं। धुर्वा से अपहृत बच्चों की बरामदगी इसका उदाहरण है, जो भाजपा के संघर्ष के बाद संभव हुई। सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए उन्होंने मधुपुर की घटना और कड़िया मुंडा को मिली धमकी को सरकार की विफलता बताया।

मौके पर विधायक सीपी सिंह और नवीन जयसवाल ने आदित्य साहू के नेतृत्व को कार्यकर्ता-आधारित राजनीति की जीत बताते हुए संगठन को और मजबूत होने का भरोसा जताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर जिला अध्यक्ष वरुण साहू ने की।

Share.
Exit mobile version