पलामू: JPSC-JSSC छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई और कथित लाठीचार्ज के विरोध में बीजेपी ने मंगलवार को झारखंड बंद का आह्वान किया है। पलामू में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है।
बंद के समर्थन में बीजेपी कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष अमित तिवारी के नेतृत्व में छहमुहान पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कुछ ट्रक और मालवाहक वाहनों को सड़क पर खड़ा कर दिया गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
बीजेपी नेताओं ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों और कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करना गलत है। उन्होंने सरकार से लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं, बंद को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। छहमुहान पर पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
हालांकि, पलामू के सभी इलाकों में बंद का असर नहीं दिख रहा है। कई जगह दुकानें और बाजार सामान्य रूप से खुले हैं, जबकि कुछ इलाकों में बंद का असर देखने को मिल रहा है। फिलहाल जिले में बंद का असर आंशिक है।




