Ranchi : पिठोरिया थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। दो दिन के भीतर दूसरी बड़ी चोरी ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पहली घटना 20 सितंबर 2025 को सामने आई थी, जब विनय कुमार केशरी, पिता नरेश कुमार केशरी, की हीरो स्प्लेंडर बाइक (नंबर JH01AA 7116) उनके घर के पास से चोरी हो गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई थी, लेकिन वाहन का अब तक कोई सुराग नहीं मिला।

इसी बीच 22 सितंबर की सुबह 7 से 8 बजे के बीच एक और वारदात घटी। इस बार सुबोध गोप, पिता सिपाही गोप, की बजाज पल्सर (नंबर JH01CZ 7624) उनकी दुकान के बाहर से अज्ञात चोर उठा ले गए। यह पूरी घटना पास के CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि चोर बाइक की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करते हैं और मौके का फायदा उठाकर उसे ले जाते हैं।

लगातार हो रही इन चोरियों से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने और अपराधियों को जल्द पकड़ने की मांग की है। पिठोरिया थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों मामलों की जांच तेज कर दी गई है और CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश जारी है।

स्थानीय लोगों ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपनी गाड़ियों में सुरक्षा लॉक का इस्तेमाल करें और रात में सुरक्षित स्थान पर ही पार्क करें।

Share.
Exit mobile version