Ranchi : नामकुम थाना क्षेत्र के रायसा मोड़ के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान संजय मुंडा (निवासी: नामकुम) और सुकरा मुंडा (निवासी: बुढ़मू) के रूप में की गई है। दोनों आपस में साला-बहनोई बताए जा रहे हैं। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोल टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों घायलों को तुरंत रिम्स अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद दुर्घटना कारक वाहन मौके से फरार हो गया।
नामकुम थाना प्रभारी ने पुष्टि की कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। साथ ही अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी जांच के आधार पर वाहन और चालक की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी ने घटना को देखा हो तो जानकारी साझा करें।



