Rohtas: बिहार के रोहतास जिले से उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित ‘ज्योति मौर्य’ जैसा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां डालमियानगर थाना क्षेत्र के रहने वाले अजय सिंह ने अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित पति का कहना है कि उन्होंने दिन-रात एक कर और करीब 2.50 लाख रुपये खर्च करके पत्नी को बिहार पुलिस में भर्ती कराया, लेकिन खाकी वर्दी मिलते ही वह अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। अब पीड़ित पति न्याय के लिए पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहा है।
शादी के छह महीने बाद बदला पत्नी का व्यवहार
अजय सिंह के मुताबिक, उनकी शादी अर्चना के साथ 26 जनवरी 2025 को हुई थी। शुरुआती 6 महीने तक दोनों का दांपत्य जीवन बिल्कुल सामान्य और खुशहाल रहा। अजय ने बताया कि उन्होंने अर्चना के सपनों को साकार करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी। वे खुद हर रोज सुबह अर्चना को फिजिकल ट्रेनिंग के लिए दौड़ कराने ले जाते थे। उन्होंने स्पोर्ट्स किट खरीदी और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी व कोचिंग पर लगभग 2.50 लाख रुपये खर्च किए। अजय की मेहनत और आर्थिक सहयोग के दम पर अर्चना का चयन आखिरकार बिहार पुलिस में सिपाही (कांस्टेबल) पद पर हो गया।
दरभंगा में पोस्टिंग और मोबाइल चैट से खुला राज
सिपाही बनने के बाद अर्चना की पहली पोस्टिंग दरभंगा जिले में हुई। अजय का आरोप है कि वहां ड्यूटी जॉइन करने के बाद से ही उसके व्यवहार में बदलाव आने लगा था। जब वह छुट्टी लेकर घर लौटी, तो अजय ने उसके मोबाइल में ‘विवेक’ नाम के एक युवक के साथ हुई बातचीत और लव चैट देख ली। छानबीन करने पर पता चला कि विवेक अर्चना के ही गांव का रहने वाला है। उस समय अजय ने परिवार और रिश्ते की खातिर समझा-बुझाकर मामला शांत कराने की पूरी कोशिश की।
बेगूसराय जाते ही बातचीत बंद, दी मर्डर की धमकी
दरभंगा के बाद जब अर्चना का ट्रांसफर बेगूसराय जिले में हुआ, तो उसने अपने पति से बात करना पूरी तरह बंद कर दिया। इसके कुछ ही दिनों बाद वह अपने प्रेमी विवेक के साथ फरार हो गई। अजय ने सनसनीखेज आरोप लगाया है कि जाते वक्त पत्नी ने धमकी दी कि “हम तीनों (पति, पत्नी और प्रेमी) में से किसी एक का मर्डर होना तय है।”
एसपी ऑफिस पहुंची मां, पुलिस जांच में जुटी
इस पूरे मामले के सामने आने के बाद अर्चना की मां भी अपनी बेटी की खोजबीन और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग को लेकर रोहतास के एसपी के पास पहुंची हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहतास एसपी राज ने बताया कि लिखित शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस प्रशासन सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रहा है।




