Patna: नीट पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में छात्र संगठनों के 25 जुलाई के बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। छात्र प्रदर्शन के दौरान एके-47 से गोली चलाने वाले पुलिस जवान को सस्पेंड कर उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं, पटना समेत कई जिलों में अब तक कुल 21 एफआईआर दर्ज की गई हैं और करीब 450 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, हिंसा में शामिल लोगों की पहचान सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। जांच के आधार पर आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
पटना में 139 लोग गिरफ्तार
पटना में बिहार बंद से जुड़ी हिंसा को लेकर दो मामले दर्ज किए गए हैं। इन मामलों में 139 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 30 छात्राओं और करीब 45 नाबालिगों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार लोगों पर पुलिसकर्मियों पर हमला, जानलेवा हमला, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, सड़क जाम करने और आम लोगों के साथ मारपीट करने जैसे आरोप लगाए हैं।
कई जिलों में हुई गिरफ्तारियां
सारण में चार मामलों में 58 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सीवान में तीन मामलों में 25, मुजफ्फरपुर में दो मामलों में 15, सीतामढ़ी में चार मामलों में 13 और किशनगंज में एक मामले में 25 लोगों की गिरफ्तारी हुई है। इसके अलावा औरंगाबाद में 5, भागलपुर में 41, लखीसराय में 1, कटिहार में 23, बेगूसराय में 5, मधेपुरा में 7 और सहरसा में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य जिलों में भी करीब 100 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
AK-47 से फायरिंग करने वाला जवान सस्पेंड
बिहार बंद के दौरान छात्र प्रदर्शन में एके-47 से गोली चलाने वाले पुलिस जवान के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। जवान को सस्पेंड कर दिया गया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम से जुड़े वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
तेज प्रताप यादव को भेजा गया बेऊर जेल
जन शक्ति जनता दल के नेता और लालू यादव के बेटे तेज प्रताप यादव को भी गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है और फिलहाल उन्हें बेऊर जेल में रखा गया है। वह सोमवार को कोर्ट में जमानत अर्जी दाखिल करेंगे।
नीट पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में पटना में हुए प्रदर्शन के दौरान तेज प्रताप यादव गांधी मैदान के पास प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे। इस दौरान भीड़ और पुलिस के बीच झड़प हुई और पथराव भी हुआ। इस हिंसा में गांधी मैदान के थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। इसी मामले में तेज प्रताप यादव को गिरफ्तार किया गया है।




