फॉण्ट कनवर्टर NEW

डीडी बार मर्डर केस में बड़ा अपडेट, CM ने पीड़ित परिवार से की बात, सख्त कार्रवाई का आश्वासन

Jamshedpur News: बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष कुमार पर हुए जानलेवा हमले के बाद पूरे शहर में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा

अपनी भाषा में पढ़ें

Jamshedpur News: बिष्टुपुर स्थित डीडी (डबल डाउन) बार में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष कुमार पर हुए जानलेवा हमले के बाद पूरे शहर में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक कुणाल षाडंगी आदित्यपुर स्थित हिमांशु सिंह के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद उन्होंने घायल प्रत्युष कुमार के परिवार से भी भेंट कर घटना की जानकारी ली।

मुलाकात के दौरान कुणाल षाडंगी ने दोनों परिवारों की सीधे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फोन पर बातचीत कराई। मुख्यमंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कराने, सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा घायल प्रत्युष कुमार के समुचित इलाज की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया।

इसी दौरान राज्य की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने भी दोनों परिवारों से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने कहा कि घटना में यदि किसी स्तर पर पुलिस की लापरवाही या जिम्मेदारी सामने आती है तो संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने विश्वास दिलाया कि अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

डीडी बार हत्याकांड को लेकर शहर में लगातार जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। राजनीतिक और सामाजिक संगठनों की सक्रियता के बीच अब यह मामला सीधे राज्य सरकार के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच चुका है। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी कार्रवाई तेज होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, मामले में दोषी पाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ निलंबन, बर्खास्तगी अथवा आपराधिक मुकदमा दर्ज करने जैसी कठोर कार्रवाई भी की जा सकती है।

कुणाल षाडंगी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि सरकार न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन, झामुमो नेता प्रमोद लाल सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram