जमशेदपुर : ओडिशा के रायागड़ा रेल मंडल में भारी भूस्खलन के कारण रेल यातायात बाधित हो गया है। मुनिगुड़ा और छिपाबर्टा रेलवे स्टेशनों के बीच रेल लाइन प्रभावित होने से रेलवे ने कई ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया है। वहीं, कुछ ट्रेनों को निर्धारित स्टेशन की जगह कोरापुट तक ही चलाया जाएगा।
रेलवे के इस फैसले से झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को भी परेशानी हो सकती है। खासकर विशाखापत्तनम, जगदलपुर और किरांडुल जाने वाले यात्रियों पर इसका असर पड़ेगा। रेलवे के अनुसार, 21 से 30 अक्टूबर 2026 के बीच अलग-अलग दिनों में ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।
इन चार एक्सप्रेस ट्रेनों को किया गया रद्द
भूस्खलन के कारण ट्रेन संख्या 18515 विशाखापत्तनम-किरांडुल एक्सप्रेस, 18516 किरांडुल-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस और 18107 राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस को 21 से 28 अक्टूबर तक रद्द किया गया है।
वहीं, ट्रेन संख्या 18108 जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस 22 से 29 अक्टूबर तक नहीं चलेगी।
कई ट्रेनों का कोरापुट में ही समाप्त होगा सफर
रेलवे ने कुछ ट्रेनों के परिचालन को सीमित किया है। ट्रेन संख्या 18005 हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस 21 से 28 अक्टूबर तक केवल कोरापुट तक जाएगी। वहीं, 18006 जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस 23 से 30 अक्टूबर तक जगदलपुर की जगह कोरापुट से अपनी यात्रा शुरू करेगी।
इसी तरह, ट्रेन संख्या 18447 भुवनेश्वर-जगदलपुर एक्सप्रेस 21 से 28 अक्टूबर तक कोरापुट तक चलेगी। जबकि 18448 जगदलपुर-भुवनेश्वर एक्सप्रेस 22 से 29 अक्टूबर तक कोरापुट से रवाना होगी।
इसके अलावा, 58501 विशाखापत्तनम-किरांडुल पैसेंजर ट्रेन भी 21 से 28 अक्टूबर तक कोरापुट तक ही चलेगी।
सफर से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर करें चेक
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी जरूर लें। ट्रेनें रद्द होने और उनके गंतव्य में बदलाव के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है।
यात्री रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 139 के जरिए अपनी ट्रेन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।




