फॉण्ट कनवर्टर NEW

सरकारी शिक्षकों के लिए बड़ी खबर, अब ऑनलाइन मिलेगी छुट्टी की मंजूरी

बिहार के सरकारी शिक्षकों के लिए जल्द ही छुट्टी लेना आसान होने वाला है। शिक्षा विभाग शिक्षकों की छुट्टी से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की तैयारी कर रहा है।

अपनी भाषा में पढ़ें

बिहार के सरकारी शिक्षकों के लिए जल्द ही छुट्टी लेना आसान होने वाला है। शिक्षा विभाग शिक्षकों की छुट्टी से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन करने की तैयारी कर रहा है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद शिक्षकों को छुट्टी के लिए जिला शिक्षा विभाग के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

शिक्षक घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के जरिए छुट्टी के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन से लेकर उसकी मंजूरी या अस्वीकृति तक की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। विभाग का मानना है कि इससे शिक्षकों को सुविधा मिलेगी और छुट्टी मंजूर करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता भी आएगी।

जिला स्तर पर तैयार होंगे पोर्टल

शिक्षा विभाग की योजना के अनुसार, शिक्षकों की छुट्टी के आवेदन और उसके निपटारे के लिए जिलेवार पोर्टल तैयार किए जाएंगे। इस व्यवस्था की निगरानी संबंधित जिले के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) करेंगे।

शिक्षक अपने नियंत्रित अधिकारी के अनुसार पोर्टल पर छुट्टी के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के दौरान मोबाइल नंबर देना जरूरी होगा, ताकि आवेदन की स्थिति से जुड़ी जानकारी शिक्षक को मोबाइल पर मिलती रहे।

24 घंटे में लेना होगा फैसला

नई व्यवस्था में आवेदन करने के बाद शिक्षक को कार्यालय जाकर जानकारी लेने की जरूरत नहीं होगी। शिक्षा विभाग की प्रस्तावित व्यवस्था के तहत संबंधित अधिकारी को आवेदन मिलने के 24 घंटे के भीतर उस पर निर्णय लेना होगा।

आवेदन स्वीकृत या अस्वीकृत होने के बाद इसकी जानकारी शिक्षक को मोबाइल पर भेजी जाएगी। इससे छुट्टी के आवेदन में होने वाली देरी कम होने की उम्मीद है।

मेडिकल लीव समेत सभी छुट्टियों का रिकॉर्ड ऑनलाइन

नए पोर्टल पर शिक्षकों की छुट्टियों का पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रहेगा। इसमें पहले ली गई छुट्टियों के साथ मेडिकल लीव और अन्य अवकाश की जानकारी भी दर्ज होगी।

छुट्टी के लिए आवेदन करते समय शिक्षक को यह बताना होगा कि वह किस प्रकार का अवकाश लेना चाहता है। उपलब्ध छुट्टी और संबंधित नियमों के आधार पर आवेदन पर फैसला किया जाएगा।

इस ऑनलाइन व्यवस्था से शिक्षकों को छुट्टी के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। साथ ही छुट्टियों के रिकॉर्ड में गड़बड़ी और अनावश्यक देरी को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram