फॉण्ट कनवर्टर NEW

चीनी के दाम में बड़ा उछाल, 65 रुपये किलो तक पहुंची कीमत

त्योहारों से पहले चीनी की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के साथ-साथ मिठाई कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। फुटकर बाजार में चीनी का भाव पहली बार 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।

अपनी भाषा में पढ़ें

नई दिल्ली: त्योहारों से पहले चीनी की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के साथ-साथ मिठाई कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। फुटकर बाजार में चीनी का भाव पहली बार 65 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है।

कारोबारियों के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले चीनी 48 से 50 रुपये प्रति किलो बिक रही थी। अब इसकी कीमत बढ़कर 61 से 65 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं, थोक बाजार में भी चीनी का भाव 60 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया है।

मांग ज्यादा, सप्लाई कम

व्यापारियों का कहना है कि बाजार में चीनी की मांग के मुकाबले सप्लाई काफी कम है। फिलहाल मांग की तुलना में करीब आधी ही चीनी बाजार में पहुंच रही है। चीनी का पुराना स्टॉक कम होने को भी कीमत बढ़ने की एक बड़ी वजह बताया जा रहा है।

आने वाले दिनों में रक्षाबंधन, गणेशोत्सव, जन्माष्टमी और दिवाली जैसे त्योहार हैं। इन त्योहारों के दौरान मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ेगी। ऐसे में चीनी की कीमतों पर और दबाव पड़ सकता है।

उत्पादन में भी आई कमी

कारोबारियों के अनुसार, इस साल चीनी का उत्पादन पिछले साल के मुकाबले करीब 5 प्रतिशत कम रहा है। इसके अलावा चीनी मिलों में गन्ने का इस्तेमाल चीनी के साथ-साथ एथेनॉल बनाने में भी किया जा रहा है। नया पेराई सत्र अक्टूबर के अंत या नवंबर की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है।

मिठाई कारोबारियों पर बढ़ा खर्च

चीनी की कीमत बढ़ने का सीधा असर मिठाई कारोबार पर पड़ रहा है। व्यापारियों के अनुसार, मिठाई बनाने में औसतन 20 प्रतिशत तक चीनी का इस्तेमाल होता है। कच्चे माल की कीमत पहले ही बढ़ी हुई है। अब चीनी महंगी होने से मिठाई बनाने की लागत और बढ़ गई है।

इससे आने वाले त्योहारों में मिठाइयों की कीमत बढ़ने की संभावना भी जताई जा रही है।

WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉 Join Now
Facebook
X
Threads
WhatsApp
Telegram