Sports News: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देश के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बड़ा कदम उठाते हुए बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL-2026 के लिए अपनी टीम से रिलीज कर दिया है। यह फैसला आधिकारिक प्रक्रिया और बोर्ड की सलाह के बाद लिया गया।

केकेआर ने एक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि IPL के रेगुलेटर के रूप में BCCI ने फ्रेंचाइजी को मुस्तफिजुर रहमान को आगामी सीजन से पहले रिलीज करने का निर्देश दिया था। टीम ने कहा कि बोर्ड के नियमों के तहत उन्हें अब एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी चुनने की अनुमति दी जाएगी, जिसकी जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी।

इस खबर को भी पढ़ें : IPL 2026 नीलामी: अंतिम सूची जारी, ₹1 करोड़ बेस प्राइस वाले डी कॉक पर सबकी नज़र

इस फैसले की पृष्ठभूमि दिसंबर 2025 में बांग्लादेश में हुई घटनाओं से जुड़ी मानी जा रही है। वहां हिंदू समुदाय के खिलाफ हिंसा की कई घटनाएं सामने आई थीं, जिनमें निर्दोष लोगों की लिंचिंग तक की खबरें आईं। इन घटनाओं के बाद भारत में सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने केकेआर पर दबाव बनाते हुए मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर करने की मांग की थी।

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने शनिवार को केकेआर को औपचारिक रूप से यह निर्देश दिया था कि वे मुस्तफिजुर को रिलीज करें और उनके स्थान पर नया खिलाड़ी चुन सकते हैं। इसके बाद फ्रेंचाइजी ने तुरंत इस पर अमल किया।

गौरतलब है कि IPL-2026 की नीलामी में केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में खरीदा था। 30 वर्षीय मुस्तफिजुर बांग्लादेश के सबसे अनुभवी और प्रभावशाली तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं। वे IPL में 2016 से लगातार खेलते आ रहे हैं।

अब तक वे सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। IPL में खेले गए 60 मैचों में उन्होंने 65 विकेट हासिल किए हैं और डेथ ओवरों में उनकी गेंदबाजी को खास माना जाता रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि केकेआर मुस्तफिजुर की जगह किस खिलाड़ी को मौका देता है और यह फैसला टीम के संतुलन पर क्या असर डालता है।

Share.
Exit mobile version