रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले के मांडू और गोला-चितरपुर थाना क्षेत्रों में इन दिनों अवैध पशु तस्करी और पालतू मवेशियों की चोरी के मामलों ने स्थानीय ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। क्षेत्र में बड़े पैमाने पर चल रहे इस कथित अवैध कारोबार को लेकर अब आवाजें उठने लगी हैं। इस गंभीर मामले को लेकर रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक (SP) से मांग की गई है कि इस पूरे नेटवर्क की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों की आजीविका पर संकट, लाचार हैं पशुपालक
सूत्रों और स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के मेहनतकश किसानों और पशुपालकों के पालतू मवेशी लगातार चोरी हो रहे हैं। ग्रामीणों की पीड़ा यह है कि अपनी गाढ़ी कमाई से पाले गए पशुओं के गायब होने के बावजूद वे खुद को असहाय महसूस कर रहे हैं और चाहकर भी कुछ नहीं कर पा रहे हैं। रात के अंधेरे में सुनियोजित तरीके से इस पूरे खेल को अंजाम दिया जा रहा है, जिससे इलाके के ग्रामीणों में भारी दहशत और आक्रोश व्याप्त है।
पैदल रास्तों से लाकर कंटेनर ट्रकों में होती है लोडिंग
सूत्रों के हवाले से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रांची जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र स्थित डहूटोला निवासी कुछ संदिग्ध व्यक्तियों पर पशुओं की आपूर्ति करने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि पशुओं को पैदल ही चंदग्गा, रामगढ़ और चैनपुर के ग्रामीण रास्तों से होते हुए मांडू तक पहुंचाया जाता है। सड़कों और गांवों के रास्तों से बड़ी संख्या में मवेशियों को हांक कर ले जाने से आए दिन सड़क दुर्घटनाओं और अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
आरोप है कि मांडू पहुंचने के बाद मवेशी तस्कर और उससे जुड़े अन्य लोगों द्वारा कथित रूप से प्रतिदिन तीन से चार बड़े कंटेनर ट्रकों में पशुओं को लोड कर राज्य से बाहर या अन्य स्थानों पर भेजा जाता है। इसी तरह का खेल गोला और चितरपुर क्षेत्र से भी संचालित होने की बात सामने आ रही है, जहां से भारी संख्या में मवेशियों की लोडिंग कर तस्करी की जा रही है।
खाकी की भूमिका पर भी उठे सवाल, निष्पक्ष जांच की गुहार
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि ग्रामीणों ने मांडू तथा गोला-चितरपुर थाना के कुछ स्थानीय पुलिसकर्मियों की कथित मिलीभगत की आशंका भी जताई है। ग्रामीणों का मानना है कि बिना स्थानीय स्तर पर संरक्षण मिले इतने बड़े पैमाने पर प्रतिदिन कंटेनर ट्रकों का परिचालन संभव नहीं है।
क्षेत्र के परेशान पशुपालकों और जागरूक नागरिकों ने रामगढ़ एसपी से गुहार लगाई है कि इस पूरे सिंडिकेट की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिस कप्तान के हस्तक्षेप के बाद न केवल पशु तस्करों के गिरोह का भंडाफोड़ होगा, बल्कि उनके चोरी हो रहे मवेशियों की भी सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।







