Ranchi : श्रावणी मेला 2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन का शेड्यूल जारी किया है। इन ट्रेनों का संचालन जसीडीह रेलवे स्टेशन से किया जाएगा, जिससे झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश और पूर्वी भारत के अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिलेगी।
रेलवे के अनुसार 03001 हावड़ा–नटेश्वरम श्रावणी मेला स्पेशल प्रत्येक रविवार, मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 5:20 बजे जसीडीह से रवाना होगी। वहीं 03002 नटेश्वरम–हावड़ा स्पेशल सोमवार, बुधवार और शनिवार को सुबह 8:35 बजे जसीडीह से चलेगी।
इसके अलावा 03511 आसनसोल–पटना श्रावणी मेला स्पेशल और 03512 पटना–आसनसोल स्पेशल का संचालन प्रतिदिन किया जाएगा। वहीं 03527 आसनसोल–गोरखपुर स्पेशल और 03528 गोरखपुर–आसनसोल स्पेशल भी रोजाना चलेंगी।
स्थानीय श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 03501 जसीडीह–बैद्यनाथधाम मेमू स्पेशल का भी प्रतिदिन संचालन होगा। यह ट्रेन सुबह 4:25 बजे जसीडीह स्टेशन से रवाना होगी।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेले के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक रेल यात्रा मिल सके।
Read more ; ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ लोहरदगा में सख्ती, रातभर चला जांच अभियान




