चतरा: टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर युवक मो. इमरोज की हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में दो सब-इंस्पेक्टर (SI) और दो सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया गया है।
एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि घटना की जांच टंडवा एसडीपीओ को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि मौके पर मौजूद पुलिस टीम इमरोज और उनके पिता सुल्तान मियां को उग्र भीड़ से सुरक्षित नहीं निकाल सकी। इसके बाद टंडवा थाना के SI सुनील सिंह, SI दुलारी पूर्ति, सिपाही दशरथ महतो और प्रदीप कुमार को निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, चतरा रहेगा।
बताया गया कि बड़गांव में एक नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था। इसी दौरान भीड़ ने मो. इमरोज और उनके पिता के साथ मारपीट की। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्थिति को समय पर नियंत्रित नहीं कर सकी। गंभीर रूप से घायल इमरोज को इलाज के लिए हजारीबाग भेजा गया, जहां उनकी मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
एसपी अनिमेष नैथानी ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की पहली जिम्मेदारी है। लापरवाही करने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।




