चतरा : चतरा पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का परिचय देते हुए एक बड़े लूटकांड का मात्र 72 घंटे के भीतर उद्भेदन किया है। 3 दिसंबर 2025 की देर रात संघरी घाटी में हुए टेम्पू लूटपाट मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से लूटा गया टेम्पू, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। यह मामला तब सामने आया जब भुक्तभोगी नितेश कुमार यादव ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, 03.12.2025 की रात्रि में जब वे प्रतापपुर से चतरा आ रहे थे, तभी संघरी घाटी के पास मोटरसाइकिल सवार करीब आधे दर्जन अपराधकर्मियों ने उनका टेम्पू और दो मोबाइल फोन लूट लिए थे। इस संदर्भ में सदर थाना कांड संख्या-389/25 दर्ज किया गया था। इधर पुलिस अधीक्षक चतरा को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि लूटपाट करने वाले अपराधी टेम्पू को बेचने या छुपाने की नीयत से हंटरगंज-जोरी होते हुए चिलोई की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही, अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी संदीप सुमन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
इस टीम में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विपिन कुमार और अनुसंधानकर्ता पु०अ०नि० राहुल सिंह भी शामिल थे।त्वरित कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीम ने ग्राम भुइयाँडीह पहुंचकर घात लगाकर इंतजार किया। सामने से आ रहे लूट के टेम्पू, अपराधियों और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को टीम ने घेरकर पकड़ लिया। छापेमारी में लूट की घटना में शामिल चार अपराधियों को पकड़ा गया। पुलिस ने उनके पास से लूटा हुआ पियागो टेम्पो, लूटा हुआ Jio LYF का की पैड मोबाइल, लूटा हुआ Redmi का स्मार्ट मोबाइल और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें (होंडा साइन और होंडा लीवो) बरामद की।गिरफ्तार किए गए अपराधियों में एक अपराधी बिरजू कुमार बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र का निवासी है, जो इस लूटकांड में अंतर्राज्यीय संलिप्तता को दर्शाता है। अन्य तीन अपराधी विशाल पाण्डेय, कमलेश कुमार और चंदन कुमार चतरा जिले के ही सदर/राजपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं। सभी गिरफ्तार अपराधियों से कड़ी पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।





