Bharuch: गुजरात के भरूच जिले में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक भीषण औद्योगिक दुर्घटना सामने आई। जिले के वागरा स्थित सायखा जीआईडीसी (GIDC) में मौजूद सिंजिल फार्माकेम कंपनी में हाइड्रोजनेशन प्रक्रिया के दौरान 15 किलोलीटर क्षमता वाला रिएक्टर अचानक फट गया। इस दर्दनाक हादसे में 5 कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत नजदीकी निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
Read more: बारूद के ढेर पर बसा था गांव! कौशांबी ब्लास्ट में मुख्य आरोपी अरेस्ट; 7 पुलिसकर्मी सस्पेंड
15 किलोमीटर तक गूंजा धमाका, गैस रिसाव से मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना प्रचंड था कि उसकी गूंज करीब 15 किलोमीटर के दायरे में सुनाई दी। 15 किलोलीटर क्षमता वाले विशाल रिएक्टर का मलबा उड़कर कंपनी परिसर की चारदीवारी के बाहर तक जा गिरा। धमाके के तुरंत बाद मिथिलीन डाइक्लोराइड (MDC) गैस का भारी रिसाव शुरू हो गया, जिससे उठे धुएं और धूल के गुबार ने परिसर में मौजूद कर्मियों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, अग्निशमन दल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
शुरू हुए एक साल भी नहीं हुआ था, जांच में जुटे कई विभाग
सायखा जीआईडीसी में करीब 53 कर्मचारियों के साथ शुरू हुई इस फार्मा कंपनी को अभी संचालन में आए एक साल भी पूरा नहीं हुआ था। मृतकों में कंपनी के नियमित स्टाफ के साथ-साथ कॉन्ट्रैक्ट पर कार्यरत मजदूर भी शामिल हैं। घटना के बाद स्थानीय पुलिस, गुजरात प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (GPCB) और इंडस्ट्रियल सेफ्टी एंड हेल्थ विभाग के अधिकारियों ने मामले की संयुक्त तकनीकी जांच शुरू कर दी है, ताकि विस्फोट के सटीक कारणों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी का पता लगाया जा सके।
Read more: रामगढ़ सीमेंट फैक्ट्री में टरबाइन ब्लास्ट, 3 इंजीनियरों की मौ’त और 1 घायल





